
स्विफ्ट की डिक्की में छिपाकर ले जा रहा था देशी रिवाल्वर, 6 राउंड के साथ आरोपी गिरफ्तार
कांटाफोड़ पुलिस की कार्रवाई, हथियार और कार समेत 3.06 लाख रुपए का मशरूका जब्त
कांटाफोड़। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कांटाफोड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी रिवाल्वर और छह जिंदा राउंड के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हथियारों को स्विफ्ट कार की डिक्की में छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार समेत करीब 3.06 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्विफ्ट कार क्रमांक MP09CC0724 से अवैध हथियार लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कांटाफोड़-बिजवाड़ रोड पर ग्राम बिजवाड़ में गजानंद उपाध्याय के खेत के सामने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से हाथ से बना देशी रिवाल्वर और छह जिंदा राउंड बरामद हुए। पुलिस ने कार चालक मंगल पिता राजकुमार सिंह पटवा (34), निवासी ग्राम नेमावर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना कांटाफोड़ में अपराध क्रमांक 328/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल कन्नौद भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया था और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र चौहान के नेतृत्व में की गई। इसमें उप निरीक्षक विनय सिंह बघेल सहित प्रधान आरक्षक शिवकुमार, रामवीर, अशोक शर्मा, यतीश तिवारी, आरक्षक अवधेश, रोहित, जयदेव एवं सैनिक अर्जुन की सराहनीय भूमिका रही।