
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर ब्रीफिंग बैठक आयोजित, विधि-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु दिए गए आवश्यक निर्देश
The silence media news
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता, विशेष शाखा श्री मोहम्मद सादुल हसन खां की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित योजना भवन के सभा कक्ष में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था, शांति व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व दिनांक 04 सितंबर 2026 को मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर विभिन्न मंदिरों एवं सार्वजनिक पूजा स्थलों पर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना, प्रतिमा स्थापना एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दौरान रात्रि में विशेष पूजा-अर्चना होने के कारण देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ एवं आवागमन बना रहता है। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की संभावना है। ऐसी स्थिति में संबंधित क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता आवश्यक है।
अपर समाहर्ता, विशेष शाखा ने निर्देश दिया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर निर्गत संयुक्त आदेश में वर्णित सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों का जायजा लें।
उन्होंने निर्देशित किया कि साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों, पूर्व में साम्प्रदायिक तनाव की घटनाओं वाले क्षेत्रों तथा ऐसे स्थानों, जहाँ मंदिर एवं मस्जिद एक-दूसरे के निकट स्थित हैं अथवा मिश्रित आबादी है, वहाँ विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरती जाए। धार्मिक स्थलों, यथा मंदिर, मस्जिद एवं मजार आदि की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि अथवा सामग्री की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ निरंतर संपर्क एवं संवाद बनाए रखें तथा आवश्यकता के अनुसार शांति समिति की बैठक आयोजित कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में उनका सहयोग लिया जाए। छोटी से छोटी घटना अथवा विवाद को भी गंभीरता से लेते हुए उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
सांस्कृतिक कार्यक्रम अथवा शोभायात्रा का आयोजन सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना नहीं किया जाएगा। संबंधित प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आयोजक समिति के अध्यक्ष एवं अन्य जिम्मेदार सदस्यों से पूर्व में समन्वय स्थापित कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे। ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अनुरूप ही किया जाएगा तथा डीजे का उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा।
अपर समाहर्ता ने असामाजिक एवं शरारती तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, फेसबुक, व्हाट्सऐप एवं इंटरनेट के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने वाली फोटो, वीडियो, चित्र, संवाद अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
अफवाहों का तत्काल खंडन करते हुए आवश्यकतानुसार भारतीय न्याय संहिता, 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि पूजा एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान हुड़दंग, आपत्तिजनक टिप्पणी अथवा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि, जिससे सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो, पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी संबंधित थानाध्यक्ष से निरंतर संपर्क में रहेंगे तथा किसी भी आपत्तिजनक सूचना अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष एवं वरीय पदाधिकारियों को देंगे।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे स्थानीय नागरिकों एवं ग्रामीणों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाने हेतु प्रेरित करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने और उसे प्रसारित न करने के लिए जागरूक करें।
बैठक में सदर डीएसएलआर श्वेतांक लाल, एसडीपीओ आदित्य कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी, सदर अनुमंडल अशोक प्रसाद सहित संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#thesilencemedianews #औरंगाबाद #ShriKrishnaJanmashtami #janmashtami #jaishrikrishna #दाउदनगर #aurangabad