
ललितपुर के माताटीला बांध के खोले गए 12 गेट, बेतवा नदी में बढ़ा जलस्तर
नदी के किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी क्षेत्र से दूर रहने की अपील
--
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध माताटीला बांध में पानी की भारी आवक को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। आज दोपहर 03:00 बजे बांध का जलस्तर सुरक्षित सीमा के करीब पहुंचने पर कुल 12 गेटों को 2-2 फीट तक खोल दिया गया है।
बांध नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, माताटीला बांध का पूर्ण जलाशय स्तर (FRL) 308.46 मीटर है, जिसके मुकाबले वर्तमान जलस्तर 306.84 मीटर (1006.70 फीट) तक पहुंच चुका है। बांध इस समय अपनी कुल क्षमता का लगभग 73.35 प्रतिशत भर चुका है, जिसमें 470.23 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCM) पानी मौजूद है।
33 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया
बांध को ओवरफ्लो होने से बचाने के लिए वर्तमान में कुल 33,038 क्यूसेक पानी लगातार डिस्चार्ज किया जा रहा है। इसमें से 29,436 क्यूसेक पानी मुख्य फाटकों से और 3,602 क्यूसेक पानी पावर हाउस के जरिए नदी में छोड़ा जा रहा है।
निचले इलाकों में अलर्ट जारी : इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
जिला प्रशासन ने नदी के किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी क्षेत्र से दूर रहने की हिदायत दी है।
#HeavyRainfall #jansamparkMP #niwari