
सिधरावाली उप-स्वास्थ्य केंद्र बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 12 नए पदों को भी मंजूरी : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
गुरुग्राम, गौरव गर्ग । ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से गुरुग्राम जिले के सिधरावाली उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में अपग्रेड करने की मंजूरी प्रदान की गई है। इसके साथ ही नए PHC के संचालन के लिए 12 पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
स्वीकृत पदों में 1 मेडिकल ऑफिसर, 1 महिला मेडिकल ऑफिसर, 1 डेंटल सर्जन, 2 फार्मासिस्ट, 1 स्टाफ नर्स, 1 लैब टेक्नीशियन, 1 MPHS (M), 1 MPHS (F) और 3 क्लास-IV कर्मचारी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों को अपग्रेड करने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और पर्याप्त चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था पर लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सिधरावाली उप-स्वास्थ्य केंद्र के PHC में अपग्रेड होने से सिधरावाली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और अधिक व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इससे मरीजों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत प्रदेश की नींव हैं। हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी जरूरत के अनुसार प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों को और मजबूत किया जाएगा।