ढाबे का शटर तोड़कर गैस सिलेंडर, एलईडी व नकदी चोरी करने वाला 1 आरोपी गिरफ्तार।
आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चोरी किए 3 गैस सिलेंडर, 1 एलईडी व 6,500 रुपये बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 23 अगस्त । 22 अगस्त को शिकायतकर्ता ने पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम में शिकायत दी कि वह नाहरपुर रूपा के मेन रोड पर बालाजी ढाबा चलाता है। 21/22 अगस्त की रात्रि करीब 12 बजकर 30 मिनट पर वह रोजाना की तरह ढाबा बंद करके अपने किराये के कमरे पर सोने चला गया था। सुबह करीब 8 बजे ढाबे पर पहुंचने पर देखा कि ढाबे के शटर पर लगा ताला टूटा हुआ था तथा चेक करने पर 3 भारत गैस सिलेंडर, 1 सैमसंग 32 इंच एलईडी व करीब 20,000 रुपये नकद गायब मिले। ढाबे के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक करने पर एक व्यक्ति चोरी करता हुआ दिखाई दिया। प्राप्त शिकायत पर *पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को 22 अगस्त को नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान प्रदीप सिंह (उम्र 38 वर्ष) निवासी रानीपुर, पोस्ट बहरी, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी नशा करने का आदी है तथा नशे की पूर्ति के लिए आरोपी ने रात्रि के समय मौका देखकर ढाबे के शटर का ताला तोड़ा तथा अंदर रखे 3 गैस सिलेंडर, एलईडी व नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चोरी किए गए 3 गैस सिलेंडर, 1 एलईडी तथा चोरी की गई नकदी में से 6,500 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को आज 23 अगस्त को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
Jhajjar, Jhajjar | Aug 23, 2026