
युवक की पीट-पीटकर हत्या, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
हरदोई। बेनीगंज क्षेत्र के रावतपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की लाठी-डंडों और ईंटों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जिससे गुस्साए परिजनों ने शव को अतरौली-बेनीगंज मार्ग पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया।
बंशीपारा गांव निवासी सुरेंद्र (35) नौ सितंबर की रात अपने गांव से गोड़वा जा रहा था। आरोप है कि रावतपुर गांव में शराब के ठेके के पास पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व ईंट से तब तक पीटा जब तक वह अधमरा होकर गिर नहीं गया। हमलावर उसे मृत समझकर भाग निकले। जब सुरेंद्र के पिता छोटेलाल मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें भी दौड़ा लिया। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर रावतपुर निवासी मदारी और उसके पुत्रों महावीर, बईठू, सतीश, राजेंद्र, मिथलेश और रजनेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों में आक्रोश
गंभीर हालत में परिजनों द्वारा अस्पताल पहुंचाए गए सुरेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर से भड़के परिजनों ने अतरौली-बेनीगंज मार्ग पर बंशीपारा के पास शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता व बच्चों के पालन-पोषण की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है।
Hardoi, Hardoi | Sep 13, 2026