
*दुर्गा पूजा-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आयुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश*
*भागलपुर, 05 अक्टूबर 2026:-* वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयुक्त मुंगेर प्रमंडल, मुंगेर -सह- भागलपुर प्रमंडल, भागलपुर श्री प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण ढंग से पूजा आयोजन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी क्षेत्र, भागलपुर, पुलिस उप-महानिरीक्षक, मुंगेर, पुलिस उप-महानिरीक्षक, बेगूसराय सहित दोनों प्रमंडलों के सभी जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
बैठक में आयुक्त महोदय द्वारा दुर्गा पूजा के अवसर पर सभी संवेदनशील स्थलों की जानकारी संबंधित जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से प्राप्त की गई तथा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
आयुक्त महोदय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को थानाध्यक्षों के माध्यम से जिले के सभी पूजा पंडालों का अविलंब भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंडालों का निर्माण इस प्रकार कराया जाए कि आवागमन का मार्ग बाधित न हो। पूजा पंडालों के आसपास बिजली के लटके एवं ढीले तारों को अविलंब दुरुस्त कराने तथा पंडालों में अग्निशमन की आवश्यक व्यवस्था आयोजकों के माध्यम से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
सभी प्रमुख पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापित कराने तथा उसकी लगातार निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। निर्गत लाइसेंस में मूर्ति विसर्जन की तिथि एवं निर्धारित रूट का स्पष्ट उल्लेख करने को कहा गया।
मेला अवधि के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करते हुए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। पूजा पंडालों में साम्प्रदायिक भावनाओं को आहत करने वाले अथवा भड़काऊ कार्टून, झांकी आदि लगाने पर रोक तथा उच्च आवाज में लाउडस्पीकर/डीजे बजाने पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित करने को कहा गया।
थाना, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय पर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी चिकित्सालयों एवं अग्निशमन कार्यालयों में आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध रखने तथा अनुमंडल स्तर पर क्यूआरटी (QRT) टीम का गठन सुनिश्चित करने को कहा गया।
मूर्ति विसर्जन के लिए पूर्व से घाटों का चयन कर उनकी साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा सभी घाटों पर गोताखोरों/एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। शहर में मेला अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक तैयारियां समय पूर्व पूरी करने को कहा गया। विजयादशमी/रावण वध के आयोजन स्थलों का समय पूर्व निरीक्षण करने तथा संभावित भीड़ का आकलन कर पर्याप्त संख्या में प्रवेश एवं निकास द्वार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
दुर्गा पूजा-2026 के अवसर पर दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव एवं निर्देश
• असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उनसे बंधपत्र भरवाना सुनिश्चित किया जाए।
• जबरन चंदा वसूली पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित की जाए।
• प्रत्येक स्तर पर शांति समिति की सार्थक बैठक आयोजित की जाए। कार्यक्रमों के सफल निष्पादन में सहयोग की जिम्मेदारी शांति समिति के सदस्यों को भी दी जाए।
• विवादित स्थलों पर अलग से शांति समिति की बैठक आयोजित की जाए।
• पर्व के दौरान सिविल सोसाइटी के सदस्यों तथा दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों का सहयोग लिया जाए।
• प्रत्येक प्रमुख पूजा पंडाल में सीसीटीवी अधिष्ठापित किया जाए तथा उसकी लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
• पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूस तथा लाउडस्पीकर के लिए अनुज्ञप्ति उचित प्राधिकार द्वारा ही निर्गत की जाए। डीजे के संबंध में समय-समय पर निर्गत आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
• जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा मार्ग में किसी प्रकार का व्यवधान होने पर उसका समय पूर्व समाधान किया जाए।
• विसर्जन/जुलूस के दौरान बिजली के तारों अथवा पूजा पंडालों में शॉर्ट सर्किट से होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएं
• दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के समय डूबने की घटनाओं की रोकथाम के लिए नदी/तालाब के घाटों पर सुरक्षित जलस्तर तक रस्सी का घेरा बनाया जाए, ताकि विसर्जन करने वाले निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र से आगे न जाएं।
• विगत दिनों विभिन्न धार्मिक आयोजनों एवं विसर्जन के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर लोगों के डूबने से हुई मृत्यु की घटनाओं को देखते हुए दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
• वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर नदियों के जलस्तर में वृद्धि की सूचना को देखते हुए नदी के विभिन्न घाटों पर गोताखोरों, एनडीआरएफ/एसडीआरएफ एवं बचाव दल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
• जिन स्थानों पर दुर्गा पूजा, विजयादशमी के मेले अथवा रावण वध के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और उनके निकट रेलवे लाइन अथवा रेलवे क्रॉसिंग है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। मेला एवं रावण वध स्थलों पर आने-जाने वाले मार्गों पर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
• पर्व के अवसर पर ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, मेलों, पूजा पंडालों, रावण दहन मेला तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर आवश्यक भीड़ प्रबंधन के उपाय करते हुए यातायात नियमन की पूर्व तैयारी कर ली जाए।
• सोशल मीडिया पर साइबर पेट्रोलिंग के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जाए तथा आपत्तिजनक/भ्रामक सामग्री के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
• पर्व के दौरान लगातार प्रभावी पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
• जिले के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों, जैसे मॉल, रेलवे स्टेशन, बड़ी दुकानें, बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड, ऑटो स्टैंड, अस्पताल, हवाई अड्डा, मंदिर, पार्क आदि तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट स्थापित कर औचक जांच की जाए।
• जिले के विभिन्न स्थानों पर संचालित साइबर कैफे की जांच की जाए तथा उनकी नियमित चेकिंग सुनिश्चित की जाए।
• सभी होटल, लॉज, धर्मशालाओं, मुसाफिरखाना एवं अन्य ठहरने के स्थानों के साथ-साथ किराएदारों के संबंध में आवश्यक जानकारी रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए।
• सभी जेलों की सुरक्षा एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
• आमजनों, विशेषकर पूजा समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को यह जानकारी दी जाए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध/लावारिस वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दें। इस संबंध में आवश्यक सतर्कता एवं सुरक्षा निर्देश भी दिए जाएं।
• पूजा समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को पहचान-पत्र (आई-कार्ड) रखने के लिए निर्देशित किया जाए।
* पूजा पंडालों के लिए विद्युत विभाग, भवन निर्माण विभाग एवं अग्निशमन विभाग द्वारा निर्गत अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) की स्थिति की जांच कर ली जाए तथा आवश्यक अनुमतियां सुनिश्चित की जाएं।
आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा-2026 के दौरान शांति, सद्भाव, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
*उप निदेशक, जनसंपर्क*
*भागलपुर प्रमंडल, भागलपुर*