
मुजफ्फरपुर की बेटी शिक्षा कुमारी ने रचा इतिहास, पीएचडी हासिल कर बढ़ाया शहर का मान; भ्रामक विज्ञापनों पर किया महत्वपूर्ण शोध
मुजफ्फरपुर की बेटी शिक्षा कुमारी ने अपनी शानदार अकादमिक उपलब्धि से शहर का नाम रोशन किया है। नई बाजार, यदुपति रोड निवासी शिक्षा कुमारी ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग से पीएचडी की उपाधि हासिल की है।
शिक्षा कुमारी ने कॉस्मेटिक उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों और उपभोक्ता व्यवहार पर अपना शोध किया है। उनके शोध में इस बात का अध्ययन किया गया कि भ्रामक विज्ञापनों के प्रभाव को कम करने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने में सरकारी नियम कितने प्रभावी हैं।
यह शोध कार्य विभाग के डीन डॉ. सैयद आले मुजतबा के मार्गदर्शन में पूरा हुआ। 6 अक्टूबर को विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में उनके शोध प्रबंध की मौखिक परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व डीन एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् विनोद शंकर सिंह ने बाह्य परीक्षक के रूप में हिस्सा लिया।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. दिनेश चंद्र राय, विभागाध्यक्ष डॉ. रवि कुमार श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक और फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
शिक्षा कुमारी की यह उपलब्धि ऐसे समय में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब कॉस्मेटिक बाजार और डिजिटल विज्ञापनों का तेजी से विस्तार हो रहा है। उनकी इस सफलता पर परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
मुजफ्फरपुर की बेटी की इस उपलब्धि पर Tirhut Now की ओर से भी ढेरों शुभकामनाएं।
#TirhutNow #Muzaffarpur #ShikshaKumari #PhD #EducationNews