अग्निपीड़ितों को विधायक ने बांटी राहत सामग्री, सात परिवारों को मिले 20-20 हजार के चेक
निजी स्तर से कंबल, साड़ी,गंजी व गमछा वितरित किया, दो छात्रों को साइकिल खरीदने के लिए दिए 6-6 हजार रुपये
करजा थाना क्षेत्र के सलाहपुर गांव के वार्ड संख्या छह में अगलगी से प्रभावित परिवारों के बीच मंगलवार को कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता का वितरण किया। इस दौरान विधायक ने अपने निजी स्तर से पीड़ित परिवारों को कंबल, साड़ी,गंजी और गमछा उपलब्ध कराया। वहीं, सरकारी स्तर से सात पीड़ित परिवारों को 20-20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
अगलगी में दो स्कूली छात्रों साजन कुमार और सोहन कुमार की साइकिल भी जलकर नष्ट हो गई थी। इसे देखते हुए विधायक ने दोनों छात्रों को नई साइकिल खरीदने के लिए निजी स्तर से 6 - 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
बताते चलें कि सलाहपुर गांव में चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब सात घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में घरों में रखे अनाज, कपड़े, फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए।