मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 238 पेटी विदेशी शराब जब्त
बोलेरो और स्विफ्ट कार से शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; जंगल में छिपाकर रखी गई थी 219 पेटी शराब
मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो वाहनों से शराब जब्त की गई, जबकि एक बोलेरो चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, स्विफ्ट कार का चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, निरीक्षक मध्य निषेध प्रकाश कुमार राम के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक प्रीति कुमारी एवं उपेंद्र मंडल तथा उत्पाद सिपाही और होमगार्ड के सहयोग से मधुबनी गांव में छापेमारी की योजना बनाई गई थी। इसी क्रम में टीम नए बाईपास से मधुबनी गांव की ओर उतर रही थी, तभी सामने से एक बोलेरो आती दिखाई दी।
उत्पाद विभाग की टीम ने बोलेरो को घेरकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से विदेशी शराब की 19 पेटियां बरामद हुईं। शराब जब्त करने के बाद बोलेरो चालक समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद टीम ने कुछ दूरी पर पीछे जाकर चौर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक स्विफ्ट कार से भी विदेशी शराब बरामद की गई। स्विफ्ट कार का चालक उत्पाद विभाग की टीम को देखकर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद टीम ने चौर में जंगलों के बीच तलाशी ली तो वहां भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी मिली। गिनती करने पर कुल 219 पेटियां विदेशी शराब बरामद हुईं।
इस कार्रवाई में बोलेरो से 19 पेटी और चौर में छिपाकर रखी गई 219 पेटी शराब बरामद हुई है। स्विफ्ट कार से बरामद शराब की मात्रा स्पष्ट नहीं हो सकी है। उत्पाद विभाग की टीम ने सभी बरामद शराब को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार स्विफ्ट कार चालक की तलाश में आगे की कार्रवाई की जा रही है।