
शुरू हुआ आजीविका राखी मेला, कलेक्टर ने फीता काटकर किया मेले का शुभारंभ👇
स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार राखियों एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से जिला पंचायत के सहयोग से आजीविका राखी मेले का आयोजन किया जा रहा है। पंडित रामप्रसाद बिस्मिल शहीद संग्रहालय के समीप आयोजित चार दिवसीय मेले का शुभारंभ सोमवार को कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव सहित संबंधित अधिकारी एवं स्व-सहायता समूहों की दीदियां उपस्थित रहीं।
मेले में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा अपने हुनर एवं रचनात्मकता से तैयार की गई विभिन्न डिजाइनों की आकर्षक राखियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा निर्मित श्रृंगार सामग्री एवं अन्य स्थानीय उत्पाद भी मेले में प्रदर्शित एवं विक्रय किए जा रहे हैं। मेले में स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को लेकर उत्साह का वातावरण है। महिलाओं ने बताया कि मेले के लिए उन्होंने पिछले कई दिनों से राखियां तैयार करने एवं अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी की है। आजीविका राखी मेला 27 अगस्त तक चलेगा।