ब्रेकिंग न्यूज़
स्टीमर सेवा शुरू नहीं होने पर *कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने चंबल नदी में लगाई छलांग* पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला
अंबाह। पिनाहट-उसेद घाट पर रक्षाबंधन से पहले स्टीमर सेवा शुरू नहीं होने से नाराज महुआ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शेर तोमर ने गुरुवार को चंबल नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए पिनाहट-उसेद घाट पर स्टीमर संचालन शुरू कराने की मांग को लेकर दो दिन पहले प्रशासन को आवेदन दिया गया था। इसके बावजूद स्टीमर सेवा शुरू नहीं होने पर गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी उसेद घाट पर पहुंच गए और आंदोलन शुरू कर दिया।
इसी दौरान स्टीमर संचालन में हो रही देरी से नाराज कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेर तोमर ने विरोध स्वरूप चंबल नदी में छलांग लगा दी। घटना से घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि स्टीमर सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर घाट पर आंदोलन जारी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान चंबल नदी के दोनों ओर आने-जाने वाले लोगों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में स्टीमर सेवा बंद होने से ग्रामीणों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।