महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, आमजन को शक्कर खिलाकर कराया मुंह मीठा
सिहोनिया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर गुरुवार को सिहोनिया चौराहे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिहोनिया के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई और आमजन की समस्याओं को लेकर सांकेतिक विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमजन को शक्कर खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और बढ़ती शक्कर की कीमतों को लेकर सरकार पर तंज कसा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर की बढ़ती कीमतों, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के कारण वाहन चालकों को हो रही परेशानियों, कम होते माइलेज और लगातार बढ़ते बिजली बिलों के मुद्दे उठाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि महंगाई का सीधा असर आम आदमी की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिहोनिया के अध्यक्ष राम सिंह तोमर रामू ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर आम नागरिक, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के साथ पेट्रोल और बिजली की लागत भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
राम सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज बनकर महंगाई और जनसमस्याओं के मुद्दे लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने, पेट्रोल की कीमतों में राहत देने और उपभोक्ताओं को उचित दर पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सरकार से आमजन को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
#मुरैना #morena #कांग्रेस