
रोडवेज चालक ने ही रची थी फंसाने की साजिश, आपसी रंजिश में कंडक्टर के बैग में रखा अवैध कट्टा
-सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज, सीआईए ने आरोपी बस चालक को किया गिरफ्तार-
नारनौल। हरियाणा रोडवेज बस के कंडक्टर के बैग से अवैध देसी कट्टा मिलने के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस कंडक्टर पर अवैध हथियार रखने का संदेह था, उसे आपसी रंजिश के चलते झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि बस के चालक ने ही कथित तौर पर कंडक्टर के बैग में देसी कट्टा रखा था और बाद में खुद ही पुलिस को इसकी सूचना दे दी, ताकि कंडक्टर को गिरफ्तार करवाया जा सके।
मामले में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने आरोपी बस चालक जितेंद्र निवासी गांव पचगांव, जिला चरखी दादरी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए थाना शहर नारनौल पुलिस के हवाले कर दिया गया।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि 6 नवंबर को डायल-112 पर रोडवेज बस में संदिग्ध वस्तु अथवा अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर हिसार से जयपुर जा रही बस को नारनौल के सिंघाना रोड स्थित रेनबो अस्पताल के पास रुकवाया गया। ERV-0465 की टीम ने बस की जांच के लिए रुकवाया, जिसके बाद थाना शहर नारनौल पुलिस ने बस में रखे सामान की तलाशी ली। इस दौरान परिचालक के बैग से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
डीएसपी भारत भूषण के अनुसार, शुरुआत में कंडक्टर के बैग से हथियार मिलने के कारण उसी पर संदेह हुआ, लेकिन पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी रखी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सामने आया कि 2 नवंबर को रोडवेज परिचालक और चालक जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते जितेंद्र ने कंडक्टर को फंसाने की योजना बनाई। आरोप है कि उसने कंडक्टर के बैग में अवैध देसी कट्टा रख दिया और बाद में बस में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना पुलिस को दे दी, ताकि कंडक्टर के खिलाफ हथियार रखने का मामला बन सके। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
@followers @top fans Chirag Times News Chirag Timesnewspaper #news #NewsUpdate #hisar #haryana
Sirsa, Sirsa | Nov 9, 2026