
रबी सिंचाई के लिए जल उपयोग और जल आरक्षण पर 15 अक्टूबर को होगी जिला स्तरीय जल उपयोगिता समिति की बैठक
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में जिला जल उपभोक्ता समिति की बैठक 15 अक्टूबर को आयोजित की गई है। यह बैठक जिला पंचायत के सभा कक्ष में दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। रबी सीजन 2026-27 में सिंचाई, पेयजल एवं औद्योगिक उपयोग के लिए जल के समुचित एवं संतुलित उपयोग के संबंध मे बैठक में जिले के विभिन्न सिंचाई जलाशयों में उपलब्ध जल की मात्रा का आकलन करते हुए रबी फसलों की सिंचाई के लिए जल उपयोग का निर्धारण किया जाएगा। साथ ही रबी सिंचाई कार्यक्रम वर्ष 2026-27 तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में पेयजल एवं औद्योगिक उपयोग के लिए जल आरक्षण निर्धारित करने के साथ ही इन उपयोगों में लिए गए जल के जलकर के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन एवं उपलब्ध जल के प्राथमिकता के आधार पर उपयोग को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी। समिति की बैठक में कृषि विभाग द्वारा रबी मौसम में जिले में बोई जाने वाली फसलों के चुनाव के संबंध में जानकारी एवं प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे। उपलब्ध सिंचाई जल के अनुरूप फसल चयन एवं सिंचाई कार्यक्रम निर्धारित करने पर भी विचार-विमर्श होगा, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित जल उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में विद्युत विभाग द्वारा जल संसाधन विभाग की अनुमति के बिना नहरों एवं बांधों पर विद्युत कनेक्शन नहीं दिए जाने के संबंध में भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत नहरों पर निर्मित सड़कों के संबंध में आवश्यक बिंदुओं पर विचार किया जाएगा।
बैठक के एजेंडे में अन्य विषयों पर भी अध्यक्ष की अनुमति से चर्चा की जाएगी। जिला स्तरीय जल उपयोगिता समिति की बैठक का उद्देश्य उपलब्ध जल संसाधनों का वैज्ञानिक एवं प्राथमिकता आधारित प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए रबी सिंचाई, पेयजल और औद्योगिक आवश्यकताओं के बीच संतुलन स्थापित करना है। #vidisha