
*जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने कलेक्टर नीतू माथुर ने की विकासखंडवार समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*
*विद्यालयों में पेयजल, शौचालय एवं गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश; ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर दिया जोर*
*आलीराजपुर 18 नवंबर 2026 ।* जिले में शिक्षा के स्तर में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के समस्त विकासखंडों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड स्रोत समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, उपयोग योग्य शौचालय तथा विद्यार्थियों को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए,ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्कूल छोड़ चुके विद्यार्थियों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय छोड़ चुके छात्र-छात्राओं का विकासखंडवार डाटा तैयार कर उनके स्कूल छोड़ने के कारणों की जानकारी प्राप्त की जाए। यदि कोई विद्यार्थी अपने माता-पिता के साथ रोजगार अथवा अन्य कारणों से दूसरे स्थान पर पलायन कर गया है, तो उसके अभिभावकों से संपर्क कर संबंधित स्थान पर ही उसकी शिक्षा जारी रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं, अन्य कारणों से शिक्षा से वंचित हुए बच्चों को चिन्हित कर पुनः विद्यालय में प्रवेश दिलाया जाए। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में पुस्तकालय की व्यवस्था करने तथा विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न पोर्टल पर निर्धारित जानकारियां समय-सीमा में दर्ज की जाएं। सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड एवं बैंक खाता संबंधी जानकारी संकलित कर उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति अथवा अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए कलेक्टर श्रीमती माथुर ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं सहित अन्य कक्षाओं के कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने तथा उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देते हुए अधिक से अधिक लिखित अभ्यास कराया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान वे आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन कर सकें। आगामी अर्धवार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर पुरस्कृत किया जाए, जिससे उनका उत्साह एवं आत्मविश्वास बढ़े और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिले।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने सभी शाला प्रमुखों को निर्देशित किया कि कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी तय की जाए। इसके लिए प्रत्येक कमजोर विद्यार्थी को एक शिक्षक के मार्गदर्शन में देकर उसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। विद्यार्थियों को अभ्यास पुस्तिकाओं के माध्यम से अधिकाधिक लिखित अभ्यास कराया जाए तथा उनकी विषयवार कठिनाइयों का निरंतर समाधान किया जाए।
उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ब्लूप्रिंट तैयार करवाया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में सहायता मिलेगी और वे बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकेंगे।
इस दौरान सहायक आयुक्त, जिला शिक्षा केन्द्र, डीपीसी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#education
#कलेक्टर
#आलीराजपुर