*कलेक्टर श्रीमती माथुर ने खाटला बैठक में स्वामित्व रजिस्ट्री से संबंधित ग्रामीणों से किया जनसंवाद*
*डाबड़ी के उप स्वास्थ्य केंद्र और सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
*आलीराजपुर, 23 अक्टूबर 2026।* मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने ग्राम इन्दवन में खाटला बैठक आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्यों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की तथा राशन वितरण, पेयजल और अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने ग्राम डाबड़ी के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को दी जा रही सुविधाओं एवं भोजन की गुणवत्ता की जांच की। इसके पश्चात उन्होंने डाबड़ी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
*विद्यार्थियों को एकाग्रता और परिश्रम से लक्ष्य हासिल करने की दी प्रेरणा*
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने ग्राम डाबड़ी स्थित सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण कर कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल व्यवस्था एवं भोजनशाला की व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं परीक्षा की तैयारियों के संबंध में चर्चा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि एकाग्रता और निरंतर परिश्रम से निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कमजोर विषयों का नियमित रूप से दोहराव करने से उन पर पकड़ मजबूत होती है और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद लेने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित आहार अपनाने तथा अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव करने की सलाह दी। साथ ही आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री मनोज गरवाल, तहसीलदार श्री सुनील राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Indore Commissioner
#मुख्यमंत्री_जन_विश्वास
#JansamparkMP
#collector
#alirajpur
Alirajpur, Madhya Pradesh | Oct 23, 2026