भगवान बिरसा मुंडा मात्र एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
जनजातीय गौरव दिवस पर आलीराजपुर के जोबट में ₹57.33 करोड़ के 176 विकास कार्यों की सौगात; 73 कार्यों का लोकार्पण व 103 कार्यों का किया भूमिपूजन
कम बारिश से प्रभावित किसानों को राहत राशि देने सर्वे के निर्देश; 'वीबी-जी राम जी' योजना में नए कपिलधारा कूप तथा पुराने कुओं, बावड़ियों व तालाबों के गहरीकरण की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि *धरती आबा, उलगुलान के प्रणेता भगवान बिरसा मुंडा मात्र एक नाम नहीं, बल्कि एक जीवंत विचारधारा हैं।* मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध जो *'उलगुलान'* उन्होंने छेड़ा, उसने देश की स्वतंत्रता की नींव को सुदृढ़ किया और वे अपने कर्मों से इंसान से भगवान बन गए। *15 नवम्बर का दिन न केवल जनजातीय समाज, बल्कि समूचे भारतवर्ष के लिए आत्म-स्वाभिमान, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के स्मरण का दिवस है।*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती 'जनजातीय गौरव दिवस' के अवसर पर आलीराजपुर जिले के जोबट स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भव्य जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने जोबट के कॉलेज तिराहे पर अमर शहीद क्रांतिकारी टंट्या भील की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। सभा स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने आजीविका मिशन, कृषि, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रैंप के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों व जनजातीय भाई-बहनों पर पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्नेह प्रदर्शित किया और दीप प्रज्ज्वलन कर भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या भील एवं छीतू सिंह किरार के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गायन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.
जिले में कम वर्षा के कारण प्रभावित किसानों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राहत राशि प्रदान करने हेतु तत्काल सर्वे कराने के निर्देश कलेक्टर को दिए। उन्होंने 'वीबी-जी राम जी' योजना के अंतर्गत नए कपिलधारा कूप बनाने की मंजूरी भी दी। साथ ही जलस्तर गिरने से प्रभावित समस्त पुराने कुओं, पूर्व से निर्मित बावड़ियों तथा तालाबों के गहरीकरण की महत्वपूर्ण घोषणा की, जिससे जल संवर्धन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार भी सृजित होगा।
मंत्री श्री नागरसिंह चौहान की मांग पर मुख्यमंत्री ने गुजरात बॉर्डर (चांदपुर)-आलीराजपुर-आम्बुआ-जोबट-सरदारपुर-टांडा सड़क मार्ग का सर्वे कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जोबट-आलीराजपुर सहित प्रदेश के गांव-गांव में 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना सरकारी बसें चलाई जाएंगी।
*'मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना' से पक्का अधिकार; खर्च वहन कर रही सरकार*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2003 में जनजातीय कार्य विभाग का बजट मात्र ₹651 करोड़ था, जिसे हमारी सरकार ने बढ़ाकर ₹47,428 करोड़ कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में स्वामित्व अधिकार अभिलेख और वन ग्राम के पट्टाधारियों सहित ग्रामीण आबादी, काकड़ व पुराने गांवों में बसे परिवारों को 'मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना' के तहत पक्की रजिस्ट्री दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना रजिस्ट्री के ग्रामीणों को न तो बैंक लोन मिल पाता था और न ही वे न्यायालय में जमानत दे सकते थे। अब पटवारी घर-घर जाकर निःशुल्क रजिस्ट्री कर रहे हैं और पंजीयन व्यय राज्य सरकार स्वयं वहन कर रही है, जिस पर प्रदेश और जनजातीय अंचल में विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। 'किसान कल्याण वर्ष' में दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, बकरी-मुर्गी व मत्स्य पालन के माध्यम से किसानों की दैनिक नकद आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से लाभान्वित किया। इनमें उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत बड़ागुड़ा के श्री भेरमसिंह को ड्रिप सिंचाई हेतु ₹1,27,501 की स्वीकृति, आजीविका मिशन अंतर्गत 68 स्व-सहायता समूहों को ₹3.66 करोड़ की कैश क्रेडिट लिमिट (प्रतीकात्मक रूप से भीलखेड़ी की श्रीमती रायदा एवं श्रीमती भूरी को), तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत जोबट के श्री रविन्द्र राठौड़ को इलेक्ट्रॉनिक शॉप हेतु ₹5.85 लाख का ऋण वितरित किया गया। मुख्यमंत्री लाडली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिका नीतिका भूरिया और वैदिका हरवाल को ₹1.43 लाख के आश्वासन प्रमाण-पत्र तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत जोबट के श्री श्रेयक असुरिया को ₹42 लाख की इकाई से लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले ग्राम कैल (कट्टीवाड़ा) के खिलाड़ी श्री नागरसिंह करमसिंह कनेश को मंच से सम्मानित किया गया।
*आलीराजपुर को ₹57.33 करोड़ के 176 विकास कार्यों की सौगात*
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कुल ₹57 करोड़ 32 लाख 84 हजार (₹57.33 करोड़) की लागत के 176 विकास कार्यों की सौगात दी: लोकार्पण (73 कार्य - ₹39.55 करोड़): जल संसाधन संभाग अंतर्गत ₹18.17 करोड़ की लागत से निर्मित 5 प्रमुख बैराज (वैगलगांव, हिरण क्रमांक-2, हथनी क्रमांक-2, मोरयागांव एवं सुक्ता बैराज), लोक निर्माण विभाग अंतर्गत ₹12.03 करोड़ की लागत से निर्मित रिंगोल व कनवाड़ा के आदिवासी बालक छात्रावास, देवली का 100 सीटर केजीबीव्ही टाइप-3 छात्रावास तथा झीरण का आदिवासी कन्या आश्रम शामिल हैं। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अंतर्गत ₹1.19 करोड़ से उमराली व नानपुर हायर सेकेंडरी स्कूलों में निर्मित फिजिक्स-केमेस्ट्री-बायोलॉजी लैब तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत ₹8.15 करोड़ की लागत से निर्मित 62 आंगनवाड़ी भवनों (आलीराजपुर विधानसभा में 25 व जोबट में 37) का लोकार्पण किया गया।
भूमिपूजन (103 कार्य- ₹17.78 करोड़): भवन विकास निगम द्वारा ₹6.69 करोड़ की लागत से आलीराजपुर में निर्मित होने वाले अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत ₹11.09 करोड़ की लागत से बनने वाले 86 नवीन आंगनवाड़ी भवनों (आलीराजपुर में 50 व जोबट में 36), आरएमएस, पुलिया एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
नर्मदा जल से बदली आलीराजपुर की तस्वीर: मंत्री श्री नागरसिंह चौहान
स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने नर्मदा मैया और भगवान बिरसा मुंडा के उद्घोष के साथ शुरुआत की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने विगत 3 वर्षों में आलीराजपुर के 84 गांवों एवं जोबट क्षेत्र तक नर्मदा जल पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और बताया कि नर्मदा लिंक से पानी भाटा डैम में भी भरेगा।
प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमन्त खण्डेलवाल ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर सभी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सिंचाई, जनकल्याण और जनजातीय गौरव संरक्षण में देश में अग्रणी है। आज हर ग्रामीण परिवार को निःशुल्क जमीन का मालिकाना हक मिल रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं विशाल जनसमुदाय उपस्थित रहा।
CM Madhya Pradesh
Indore Commissioner
Jansampark Madhya Pradesh
#collector
#alirajpur