काराकाट में सर्पदंश से विवाहिता की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के मोथा गांव में शनिवार देर रात जहरीले सांप के डंसने से 27 वर्षीय विवाहिता सोनी देवी की मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह घर में सो रही थीं। परिजनों के अनुसार, रात करीब दो बजे सांप के काटने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। शुरुआत में सोनी देवी को कंजिया ठाकुरबाड़ी ले जाया गया, जहां झाड़-फूंक का प्रयास किया गया।
हालत बिगड़ने पर मंदिर के पुजारी प्रताप सागर ने उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन सोनी देवी को प्रताप सागर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने करीब तीन घंटे तक उनका इलाज किया, लेकिन रविवार को उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति त्रिभुवन साह पंजाब में ठेका मजदूरी करते हैं। पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर उन्होंने परिजनों से अपने गांव पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार करने को कहा है। फिलहाल शव घर पर रखा गया है। परिजनों के अनुसार घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। सोनी देवी की पांच वर्षीय बेटी है, जिसके लालन-पालन को लेकर परिवार चिंतित है।