
पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर से निकली भव्य खट्टा नवमी परिक्रमा, भक्तिमय हुआ माहौल।
देहरादून, 18 नवंबर 2026 परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रविंद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आज कार्तिक मास की खट्टा नवमी पर सिद्ध पीठ श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर से भव्य क्षेत्र परिक्रमा निकाली गई।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि प्रातः कार्तिक महात्म्य कथा और पूजा-अर्चना के पश्चात सुसज्जित पालकी में श्री लड्डू गोपाल, शालिग्राम जी व माता तुलसी जी को विराजमान कर ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ यात्रा प्रारंभ हुई। यह परिक्रमा श्री झंडे जी साहिब, भंडारी चौक, तिलक रोड साईं मंदिर, रामलीला बाजार, राजा रोड और आढ़त बाजार होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। रास्ते में तिलक रोड साईं मंदिर में शरद नागलिया, सुमन नागलिया व अन्य ट्रस्टियों ने पालकी का भव्य स्वागत कर आरती उतारी और भक्तों को सम्मानित किया।
खट्टा नवमी पर श्रद्धालुओं ने खट्टा वृक्ष व शालिग्राम जी को मूली, शकरकंदी और सिंघाड़े अर्पित कर 5 से लेकर 108 तक परिक्रमाएं कीं तथा विशेष बत्तियां जलाकर मनोकामनाएं मांगी। मंदिर वापसी पर भव्य भजन-कीर्तन, आतिशबाजी और महाआरती के साथ प्रसाद वितरण कर यात्रा को विश्राम दिया गया।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी जी, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, तुषार बंसल, दिलीप सैनी, अजय गुप्ता (एडवोकेट), राजकुमार गुप्ता, नवीन जैन, राजेश भटनागर, कांता अग्रवाल, संगीता गुप्ता, मेघा गर्ग, रीना मित्तल, मधु जिंदल, शालिनी गोयल, दीपक मित्तल, अनिल गोयल, कान्हा मित्तल व शैलेंद्र सिंघल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।