
प्री-सिटिंग कर पक्षकारों को सुलह के लिए तैयार करें बैंक : सचिव
आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाले नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव धीरेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में विभिन्न बैंकों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक बैंक ऋण संबंधी मामलों के निपटारे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव धीरेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि नेशनल लोक अदालत में विभिन्न बैंकों द्वारा ऋणियों को विशेष छूट एवं समझौते का लाभ दिया जाएगा। इसका लाभ अधिक से अधिक पक्षकारों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने स्तर पर ऋणियों के साथ लगातार प्री-सिटिंग करें और उन्हें लोक अदालत में मिलने वाली विशेष छूट एवं समझौते के लाभ की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि प्री-सिटिंग के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति और सुलह के आधार पर अपने मामलों का निपटारा कराने के लिए तैयार किया जाए। इससे न केवल लंबित मामलों की संख्या कम होगी, बल्कि ऋणियों को भी न्यायालय की लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपील की कि अधिक से अधिक ऋणियों से संपर्क कर उन्हें आगामी नेशनल लोक अदालत में अपने मामलों का निपटारा कराने के लिए प्रेरित करें। बैठक में उपस्थित विभिन्न बैंकों के पदाधिकारियों ने बताया कि उनके स्तर से लगातार पक्षकारों के साथ प्री-सिटिंग की जा रही है। इस दौरान ऋणियों को नेशनल लोक अदालत में मिलने वाली विशेष छूट और समझौते के प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पक्षकारों की सहमति प्राप्त होने के बाद उनके मामलों का निपटारा लोक अदालत के माध्यम से कराया जाएगा।
#champaran24news