कटाव स्थलों का डीएम ने लिया जायजा, बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश...
पश्चिम चंपारण जिले में लगातार हो रहे कटाव और जल दबाव की स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बगहा-02 प्रखंड के मंगलपुर तथा मधुबनी प्रखंड के रेवहिया गांव में कटाव स्थलों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और अभियंताओं से कटाव की वर्तमान स्थिति तथा अब तक किए गए निरोधात्मक एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने रोहुआ नाला में पानी के दबाव और संभावित जल प्रवाह की स्थिति का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अभियंताओं से संवेदनशील स्थानों की जानकारी लेते हुए पूछा कि किन क्षेत्रों में पानी का दबाव बढ़ने की संभावना है और इससे आसपास के इलाकों में कटाव अथवा बाढ़ का कितना प्रभाव पड़ सकता है। कार्यपालक अभियंता, फ्लड डिविजन, बगहा ने जिला पदाधिकारी को कटावरोधी कार्यों, जल प्रवाह की स्थिति और संभावित संवेदनशील स्थलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कटावरोधी एवं सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने तथा पर्याप्त मात्रा में आवश्यक संसाधन और निर्माण सामग्री उपलब्ध रखने को कहा। जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कटावरोधी कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही तटबंधों की नियमित निगरानी और आवश्यकता के अनुसार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि कटाव की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में कार्य में शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए संवेदनशील स्थलों पर समय रहते सुरक्षात्मक उपाय करने का निर्देश दिया।
#champaran24news #viralreelschallenge #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #RJD #BJPGovernment #reelsviral