Bihar news : पूर्व विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाज के दौरान मौत। पश्चिमी चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदाहा पंचायत स्थित मडुवाहा गांव के वार्ड संख्या 13 में पूर्व विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मडुवाहा गांव निवासी सिपाही यादव के 25 वर्षीय पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है। घटना गुरुवार की मध्य रात्रि की बताई जा रही है। युवक की मौत की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश यादव का गांव के ही वीरेंद्र उर्फ गिरी यादव से पूर्व से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि इसी पुराने विवाद को लेकर गुरुवार की रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान मुकेश यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों एवं आसपास के लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नौतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया जाता है कि मुकेश यादव की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। #WestChamparan #Nautan #Madwaha #BiharNews #CrimeNews #MurderCase #MuzaffarpurNews #BiharCrime #NautanNews #WestChamparanNews #PoliceInvestigation #ForensicTeam #BreakingNews #BiharBreakingNews #LocalNews #YesBihar #BiharNewsUpdate