कोंच रामलीला में मुहूर्त के अनुसार हुई मूर्तियों के वस्त्रों की नाप
कोंच। कोंच की विश्व विख्यात अनुष्ठानी रामलीला में गुरुवार को रंगमंच आचार्य द्वारा शोधित किए गए मुहूर्त के अनुसार मूर्तियों के वस्त्रों की नाप की गई।
रामलीला के 174वें महोत्सव को लेकर रामलीला समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उसके शुरुआती अनुष्ठानों को पूरा करने में लगे हैं। रामलीला के रंगमंच आचार्य रमेश पटेरिया द्वारा शोधित मुहूर्त के अनुसार गुरुवार को भगवान जिन्हें रामलीला की बोलचाल की भाषा में मूर्तियां कहते हैं, के वस्त्रों को बेंता गया। मुहूर्त के अनुरूप सभी पांचों मूर्तियों राम (अनंत दोंदेरिया), सीता (शिवांग तिवारी), लक्ष्मण (कार्तिक तिवारी), भरत (किशन विदुआ) और शत्रुघ्न (पारस मिश्रा) को बजाज की दुकान पर ले जाकर वस्त्रों की नाप कराई गई। इस दौरान अभिनय विभाग के अध्यक्ष पीडी रिछारिया, अतुल चतुर्वेदी, संजय सोनी, अरविंद मिश्रा, राघवेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Sep 17, 2026