
बेतिया में डीएम तरनजोत सिंह का बड़ा एक्शन,लापरवाह कनीय अभियंता पर गिरी गाज, संविदा समाप्त करने का फरमान!
सहयोग पोर्टल पर फर्जीवाड़ा और जनता को गुमराह करने वाले जेई श्यामबाबू राय के काम पर तत्काल रोक
बेतिया (पश्चिम चम्पारण):
*जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह* की सख्त कार्यशैली और 'जीरो टॉलरेंस' नीति का बड़ा असर एक बार फिर देखने को मिला है। सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं में पलीता लगाने और वरीय अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने वाले मझौलिया प्रखंड के कनीय अभियंता श्यामबाबू राय पर प्रशासन का डंडा ऐसा चला है कि पूरे जिले के भ्रष्ट और लापरवाह कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
*बिना जांच के निपटा दी शिकायत, डीएम की रिपोर्ट पर शासन ने लिया कड़ा संज्ञान*
मिली जानकारी के अनुसार, मझौलिया प्रखंड में संविदा पर तैनात कनीय अभियंता श्यामबाबू राय ने सरकारी कार्यप्रणाली को मजाक समझ लिया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने 'सहयोग शिविर' और 'सहयोग पोर्टल' पर आई आम जनता की शिकायतों का समय पर और गंभीरता से निपटारा नहीं किया। हद तो तब हो गई जब उन्होंने बिना स्थलीय जांच किए ही गलत, तथ्यहीन और भ्रामक रिपोर्ट लगाकर वरीय अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की।
*प्रशासन की छवि धूमिल करने की कोशिश पड़ी भारी*
डीएम के प्रतिवेदन में इस बात का साफ जिक्र किया गया कि श्यामबाबू राय के इस संवेदनहीन रवैये से न केवल प्रशासन की छवि धूमिल हो रही थी, बल्कि आम जनता के बीच सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अविश्वास भी पैदा हो रहा था।
*तत्काल प्रभाव से काम पर रोक, नौकरी से बर्खास्तगी का आदेश*
जिला पदाधिकारी *तरनजोत सिंह* की सख्त रिपोर्ट के बाद बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 10 नवंबर 2026 को एक कड़ा आदेश जारी कर दिया है। *पहले उन्हें निलंबित* किया गया था, लेकिन *संविदा कर्मी होने की पुष्टि के बाद विभाग ने अपने पूर्व के आदेश में संशोधन करते हुए श्यामबाबू राय के कार्य करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी* है। *इतना ही नहीं, नियोक्ता प्राधिकार को यह सख्त निर्देश भी जारी कर दिया गया है कि उनका संविदा नियोजन तुरंत समाप्त किया जाए*।
*डीएम तरनजोत सिंह की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि पश्चिम चम्पारण में अब कागजी खानापूर्ति और जनता की शिकायतों से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं है*।
Bihar, India | Nov 11, 2026