
दोहरे हत्याकांड का खुलासा, पुलिस का दावा- मृतक से ही सीखी थी पुलिस से बचने की तरकीब
हरदोई। स्वाट/एसओजी और सर्विलांस टीम ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में तीन बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा, बांस के डंडे तथा मृतकों के मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी प्रमोद ने बताया कि घटना से पहले पार्टी के दौरान उसने मृतक अभिषेक उर्फ बब्लू से मजाक में पूछा था कि यदि किसी की हत्या करनी हो तो पुलिस से बचने के लिए क्या करना चाहिए। पुलिस का दावा है कि इस पर अभिषेक ने मोबाइल फोन किसी अन्य व्यक्ति के पास चालू हालत में छोड़ने की सलाह दी थी, ताकि लोकेशन के आधार पर पुलिस भ्रमित हो सके।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वारदात के बाद इसी कथित तरीके का इस्तेमाल करते हुए अपने मोबाइल फोन अपने भाइयों को दे दिए, ताकि उनकी वास्तविक लोकेशन छिपी रहे।
पुलिस के अनुसार घटना पूर्व नियोजित थी। छत से नीचे उतरने के बाद एक बाल अपचारी ने पहले से छिपाकर रखे गए बांस के डंडे से अरुण के सिर पर हमला किया। इसके बाद भाग रहे अभिषेक उर्फ बब्लू को अन्य आरोपियों ने पकड़ लिया और दोनों पर बांस के डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला किया। पुलिस का दावा है कि अरुण की सांस चलती देख एक बाल अपचारी ने उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी दोनों मृतकों के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले में तकिया, थाना संडीला निवासी कुलदीप पुत्र परशुराम तथा प्रमोद पुत्र इन्द्रपाल को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है।