जिलाधिकारी ने भूमि एवं जल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा की, किसानों को अधिक लाभ दिलाने के दिए निर्देश
हरदोई, 04 अगस्त। स्वामी विवेकानन्द सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति एवं जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा गत वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने खेत तालाब योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने मार्जिनल बांध एवं पेरिफेरल बांध से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की और इन बांधों पर वृक्षारोपण कराने तथा उसके फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में समतलीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विकास खंडों में अभी तक समतलीकरण अथवा अन्य भूमि एवं जल संरक्षण संबंधी कार्य नहीं हुए हैं, वहां चालू वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत कर समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएं।
उन्होंने विभाग द्वारा कराए गए सभी कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत और समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संस्कृति त्रिवेदी, उपनिदेशक कृषि, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम इन्द्रसेन नाथ, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय डॉ. निधि राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।