हरदोई में उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा, मशरूम इकाइयों के अधिक प्रस्ताव भेजने के निर्देश
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट में उद्यान विभाग के अधीन संचालित विभिन्न औद्यानिक विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री औद्यानिक विकास योजना, अनुसूचित जाति/जनजाति कृषक औद्यानिक विकास योजना, आम फलपट्टी, हर्बल गार्डेन, पर ड्रॉप मोर क्रॉप (माइक्रो इरिगेशन), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना तथा पोस्ट हार्वेस्ट कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। योजनाओं की प्रगति पर तैयार की गई प्रस्तुति (पीपीटी) का अवलोकन किया गया तथा उपस्थित प्रगतिशील किसानों से संवाद भी किया गया।
बैठक में जनिगांव, संडीला की प्रगतिशील कृषक सोनाली सब्बरवाल ने अपनी मशरूम उत्पादन इकाई में तैयार उत्पाद प्रदर्शित किए, जबकि भरावन के पहाड़पुर निवासी ओमप्रकाश मौर्य ने अपने द्वारा उत्पादित शहद का प्रदर्शन किया। इसके अलावा केला उत्पादक वेदप्रकाश मौर्य, अखिलेश मिश्रा, आम उत्पादक एवं निर्यातक सतीश कुमार सिंह, आम उत्पादक शारिब हुसैन खां, ड्रैगन फ्रूट उत्पादक विद्याधर गुप्ता एवं अशोक कुमार शुक्ला, मशरूम उत्पादक अजीत प्रताप सिंह तथा शाकभाजी उत्पादक जैनेन्द्र सिंह सहित कई प्रगतिशील किसानों ने बैठक में भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि पोस्ट हार्वेस्ट कार्यक्रम के अंतर्गत अधिक से अधिक मशरूम उत्पादन इकाइयों के प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय को स्वीकृति के लिए भेजे जाएं, ताकि जिले के किसानों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उद्यान विभाग की सभी योजनाओं के वर्ष 2026-27 के क्रियान्वयन एवं संचालन को सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया। बैठक में परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अरविंद रंजन, केवीके अध्यक्ष डॉ. ए.के. तिवारी, मंडी सचिव मलखान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।