हरदोई में अंडर-14 बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ, विभिन्न खेलों में बच्चों ने दिखाया दम
हरदोई। स्पोर्ट्स स्टेडियम, हरदोई में सोमवार को अंडर-14 बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतियोगिता के सह संयोजक एवं खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और विभिन्न खेलों की जानकारी दी।
उद्घाटन के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर कुश्ती एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रेरणा दी।
प्रतियोगिता के पहले दिन बैडमिंटन बालिका वर्ग में कछौना ने प्रथम तथा टोडरपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में टोडरपुर की टीम विजेता रही।
हैंडबॉल प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में पिहानी प्रथम और भरखनी द्वितीय स्थान पर रही। वहीं बालक वर्ग में भी पिहानी ने प्रथम तथा भरखनी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
टेबल टेनिस बालिका वर्ग में सण्डीला ने पहला तथा कछौना ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में कछौना प्रथम और सण्डीला द्वितीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता का संचालन जिला व्यायाम शिक्षिका शिमला सिंह एवं जिला व्यायाम शिक्षक के.बी. अवस्थी ने किया। इस अवसर पर अन्तर्यामी बाजपेयी, करुणेन्द्र प्रताप सिंह, कैलाश नाथ मिश्र, राजीव शुक्ला, सत्येन्द्र यादव, मनीष राठौर, रामजी मिश्रा, दिवस शुक्ला सहित अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।