सावन के पहले सोमवार पर डीएम-एसपी ने सकाहा शिव मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हरदोई। श्रावण मास के प्रथम सोमवार एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सोमवार को श्री शिव संकट हरण मंदिर, सकाहा का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा श्रद्धालुओं को सावन के पावन अवसर की शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए तथा सीसीटीवी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखा जाए।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं आसपास बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाए और किसी भी स्थिति में अधोमानक खाद्य सामग्री का विक्रय न होने दिया जाए। साथ ही अग्नि सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पब्लिक एड्रेस सिस्टम को लगातार संचालित रखने, श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा हेल्प डेस्क, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार जैसी आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए निर्धारित रूट प्लान, रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा और दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आशुतोष, खंड विकास अधिकारी बावन रामप्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।