
एआईएमआईएम में शामिल हुए पूर्व बसपा नगर अध्यक्ष/ नगर पालिका सभासद महेंद्र कुशवाहा
कोंच। यूपी विधानसभा चुनाव सन्निकट आते ही इस दल से उस दल में जाने का सिलसिला भी चल निकला है। बसपा के निवर्तमान नगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह कुशवाहा ने पार्टी से अपना बोरिया-बिस्तर समेट कर एआईएमआईएम में आशियाना तान लिया है। हालांकि इस भागदौड़ की उन्होंने कोई माकूल वजह नहीं बताई है, बस इतना कह कर कि पार्टी से उनका भरोसा उठ चुका है, आड़े वक्त में पार्टी ने उनका बिल्कुल भी साथ नहीं दिया जिस कारण उनका पार्टी से मोहभंग हो चुका है। पार्टी छोड़ने की यह सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है।
जिला मुख्यालय पर मंगलवार को बजरिया स्थित मंसूरी लॉज में एआईएमआईएम का जिला स्तरीय कार्यक्रम था जिसकी अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष रईस मलिक ने की और बतौर मुख्य अतिथि बुंदेलखंड उपाध्यक्ष सलमान कादरी शिरकत कर रहे थे। मौलाना तारिक अनवर रहमानी, फहीम हसन, एनुअल हसन, मोहम्मद नईम, नगर अध्यक्ष कोंच असद खान सहित सैकड़ो की संख्या में एआईएमआईएम कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी मंच के माध्यम से बसपा के निवर्तमान नगर अध्यक्ष कोंच पालिका के सभासद महेंद्र सिंह कुशवाहा ने एआईएमआईएम में दाखिला ले लिया जिसका ताली बजाकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं व कुशवाहा समाज के लोगों ने स्वागत किया। संचालन तारिक अनवर रहमान ने किया। गौरतलब है कि महेंद्र सिंह कुशवाहा लगभग तीन साल बसपा के कोंच नगर नगर अध्यक्ष रहे। उन्होंने बसपा को गुटबाजी का शिकार भी बताया जिसके चलते उन्होंने बहुजन समाज पार्टी छोड़कर एआईएमआईएम जॉइन कर ली। महेंद्र के मुताबिक उनके ऊपर झूठे मुकदमे लगे जिसको लेकर पार्टी ने उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने जिस पार्टी के लिए काम किया उसने बुरे वक्त में उनका साथ नहीं दिया।
Konch, Jalaun | Sep 15, 2026