
डीएपी उर्वरक का समय पर वितरण नहीं करने पर 9 थोक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी
-
उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
-
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में जिले में किसानों को रबी सीजन के दौरान डीएपी उर्वरक की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में निर्धारित समय पर डीएपी उर्वरक की बिक्री प्रविष्टि नहीं करने तथा किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं कराने के मामलों में उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री मनोज कश्यप द्वारा जिले के 9 थोक उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जारी नोटिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को प्राप्त डीएपी उर्वरक की रैक से 22 अक्टूबर को आई.पी.एल. कंपनी के प्रतिनिधि से चर्चा कर संबंधित थोक विक्रेताओं के यहां रैक प्वाइंट से डीएपी उर्वरक का ट्रांसफर कराया गया था। इसके बावजूद संबंधित विक्रेताओं द्वारा 23 अक्टूबर को अपनी बिक्री आईडी में डीएपी की प्रविष्टि नहीं की गई, जबकि भारत सरकार द्वारा उर्वरक प्रदाय कंपनी को प्रति बोरी लगभग 1600 रुपये का अनुदान दिया जाता है। किसानों को समय पर डीएपी उपलब्ध नहीं कराने को उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 का उल्लंघन माना गया है।
इन थोक उर्वरक विक्रेताओं को जारी किए गए नोटिस
जारी नोटिस में मेसर्स मोहनगढ़ एग्रीकल्चर प्रोड्यूसर कंपनी, मोहनगढ़ (32.5 मीट्रिक टन); मेसर्स भव्या ट्रेडिंग कंपनी, बड़ागांव (60 मीट्रिक टन); मेसर्स आध्या ट्रेडिंग कंपनी पलेरा (35 मीट्रिक टन); मेसर्स शानवी फर्टिलाइजर्स एडं पेस्टीसाइड्स स्टोर पलेरा (30 मीट्रिक टन); मेसर्स जय बुंदेलखंड ट्रेडर्स खरगापुर (30 मीट्रिक टन); मेसर्स जय श्रीराम ट्रेडर्स बड़ागांव (17.5 मीट्रिक टन); मेसर्स एसके फर्टिलाइजर, अतिवीर ट्रेडर्स लार (30 मीट्रिक टन) तथा मेसर्स मां वैष्णो ट्रेडर्स पलेरा (30 मीट्रिक टन) शामिल हैं।
संबंधित विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे किसानों को समय पर डीएपी उर्वरक उपलब्ध नहीं कराने का कारण स्पष्ट करते हुए अपना जवाब निर्धारित समय-सीमा में अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में प्रस्तुत करें। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने अथवा निर्धारित समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में उर्वरक अधिनियम 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त किया जा सकता है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh