जिस ठेले से चलता था परिवार, वही चकनाचूर! ठेले की हालत देख छलक पड़े गरीब के आंसू
इस कहानी को इतना शेयर करो ताकि घटना को अंजाम देने वाले के मन में दया आ जाए
**टीकमगढ़।** कभी इसी ठेले पर समोसे और भजिए बेचकर अपने परिवार का पेट पालता था… दिनभर की मेहनत के बाद जो कमाई होती थी, उसी से घर का किराया और परिवार की जरूरतें पूरी होती थीं। लेकिन रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर ने उसकी रोजी-रोटी के सहारे को ही क्षतिग्रस्त कर दिया। यह कहानी है सैल सागर निवासी शंभू गुप्ता की, जो अपनी पत्नी के साथ गांधी चौराहा पर नाश्ते का ठेला लगाकर जीवन गुजारते हैं। दिनभर मेहनत करने के बाद उन्होंने रोज की तरह अपना ठेला किराए के मकान के पास सड़क किनारे खड़ा किया और घर चले गए। लेकिन अगली सुबह उनके सामने जो तस्वीर आई, उसने उनकी उम्मीदों को झकझोर दिया। ठेला क्षतिग्रस्त था, मेहनत का सहारा टूट चुका था और सामने खड़ा था करीब 20 हजार रुपये के नुकसान का बोझ। ठेले की हालत देखकर शंभू का दर्द छलक पड़ा। आंखों में आए आंसू सिर्फ टूटे ठेले को देखकर नहीं थे, बल्कि उस चिंता के थे कि अब आगे क्या होगा? परिवार का पेट कैसे भरेगा? ठेला ठीक कराने के पैसे कहां से आएंगे? और जब ठेला ही नहीं रहेगा, तो समोसे-भजिए बेचकर रोज की कमाई कैसे होगी? शंभू के लिए यह महज एक ठेला नहीं था। यही उनकी मेहनत, उनकी उम्मीद और परिवार के भरण-पोषण का सहारा था। कोई बड़ी दुकान नहीं, कोई मोटी कमाई नहीं—बस एक छोटा-सा ठेला, जिसके भरोसे वह ईमानदारी से अपनी जिंदगी चला रहे थे। बताया गया है कि MP 36 ZX 3196 नंबर की चार पहिया गाड़ी ने उनके ठेले में टक्कर मारी। इस घटना में करीब 20 हजार रुपये का नुकसान होने की बात कही गई है। फिलहाल मामले में कोतवाली थाने में शिकायत किए जाने की जानकारी नहीं है। कभी-कभी किसी के लिए हजारों रुपये का नुकसान, किसी दूसरे के लिए महज एक खबर हो सकता है। लेकिन उस गरीब परिवार से पूछिए, जिसके घर का चूल्हा उसी कमाई से जलता हो। आज शंभू के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है—जिस ठेले से परिवार का पेट भरता था, जब वही ठेला क्षतिग्रस्त हो गया, तो अब उनकी रोजी-रोटी कैसे चलेगी? यह सिर्फ एक ठेले के टूटने की कहानी नहीं, बल्कि उस मेहनतकश इंसान की बेबसी है, जो हर दिन पसीना बहाकर अपने परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाता है।
#MPNews #news #tikamgarh #TikamgarhNews हमारा टीकमगढ़ Public Tikamgarh Collector Tikamgarh SP Tikamgarh खबर टीकमगढ़ Public Public Sagar अपना टीकमगढ़/apna tikamgarh