
गंगा में नहाने गए दो युवक डूबे, एक को स्थानीय गोताखोरों ने बचाया
हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर घाट पर सोमवार सुबह गंगा नदी में नहाने के दौरान दो युवक डूब गए, जबकि एक युवक को स्थानीय गोताखोरों ने सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम व स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे नारद पुत्र गोविन्दराम, ऋषि पुत्र छादामें (उम्र करीब 15 वर्ष) तथा शिवम पुत्र सुनील (उम्र करीब 21 वर्ष), निवासी ग्राम चौसार थाना अरवल, कुसुमखोर घाट पर नहाने पहुंचे थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें चिन्हित सुरक्षित घाट पर स्नान करने की सलाह दी, लेकिन तीनों युवक आगे बढ़कर गंगा की मुख्य धारा में नहाने चले गए।
नहाते समय नारद और ऋषि गहरे पानी में डूब गए, जबकि शिवम को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने एसडीआरएफ टीम तथा गोताखोरों की सहायता से दोनों लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश जारी है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।