
अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए यूपीएससी कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित
नई दिल्ली के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में 100 विद्यार्थियों को मिलेगा सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी का अवसर
31 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन, स्क्रीनिंग परीक्षा 6 सितम्बर को
मध्यप्रदेश शासन, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी के लिए नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत निर्धारित 100 विद्यार्थियों के चयन के लिए एम.पी. ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विद्यार्थियों के चयन के लिए मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा भोपाल, इंदौर, जबलपुर एवं शहडोल में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्रों की संख्या में परिवर्तन किया जा सकेगा।
योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो चुकी है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। स्क्रीनिंग परीक्षा 6 सितम्बर 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि 120 मिनट रहेगी।
परीक्षा के प्रवेश पत्र 1 सितम्बर 2026 के पश्चात "एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल" http://www.mponline.gov.in/ एवं "मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड पोर्टल" http://www.mpsos.nic.in/ से डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्रवेश पत्र में आवंटित परीक्षा केंद्र का उल्लेख रहेगा। परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0755-2552106 पर संपर्क किया जा सकता है।
योजना की नियमावली एवं विद्यार्थियों के चयन हेतु निर्धारित पात्रता संबंधी शर्तों की विस्तृत जानकारी "जनजातीय कार्य विभाग के पोर्टल" https://www.tribal.mp.gov.in/ पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त संबंधित विभागीय जिला एवं संभागीय कार्यालयों से संपर्क कर भी योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP