खाद्य सुरक्षा प्रशासन की रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई
चार खाद्य नमूने लिए, 44 किलो घी जब्त; नियमों का पालन नहीं मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार जिले में उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा रेस्टोरेंट एवं विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल चार नमूने लिए गए तथा 44 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य 26 हजार 400 रुपये बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा महाराजा भोजनालय, नीलकंठ भोजनालय, भारत रेस्टोरेंट, आंबा की रसोई एवं महांकाल रेस्टोरेंट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही माहेश्वरी एजेंसी एवं भारमल ट्रेडर्स सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई।
निरीक्षण एवं जांच के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल चार नमूने लिए गए। साथ ही कार्रवाई में 44 किलोग्राम घी जब्त किया गया। जब्त घी का बाजार मूल्य 26 हजार 400 रुपये बताया गया है।
*अनुसूची-4 के प्रावधानों के पालन में मिली कमियां*
निरीक्षण के दौरान संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की अनुसूची-4 के अंतर्गत निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन नहीं पाया गया। इस पर संबंधित रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को कमियों में सुधार के लिए सुधार सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं।
संबंधित संचालकों को निर्धारित अवधि में पाई गई कमियों को दूर करते हुए खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं पाए जाने अथवा निर्देशों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा एवं श्री वेलसिंह मोरी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP
3 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Aug 19, 2026