तीन घंटे की सघन सर्चिंग के बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने जब्त किया 147 किलो प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ
गुजरात से विक्रय के लिए लाए गए खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई, अनुमानित बाजार मूल्य 42 हजार रुपये
अब तक लिए गए 71 खाद्य नमूने, प्राप्त 13 जांच रिपोर्ट में 5 नमूने अमानक/मिथ्याछाप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश शासन के आदेश तथा नियंत्रक एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देशों के पालन में संपूर्ण मध्यप्रदेश में दूध एवं दूध से बने उत्पादों से मिलते-जुलते, उनके नाम से बेचे जाने अथवा उनके नाम से भ्रामक रूप से विक्रय किए जाने वाले खाद्य पदार्थों के संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं।
उक्त आदेश के परिपालन में जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सर्चिंग की कार्रवाई की जा रही है। 21 जुलाई 2026 से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरी एवं दूध से बने उत्पादों के विक्रेताओं की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान अब तक कुल 71 खाद्य नमूने जांच के लिए लेकर भोपाल स्थित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनमें से विभाग को कुल 13 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें 5 नमूने अमानक/मिथ्याछाप पाए गए हैं। इन प्रकरणों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा लगभग तीन घंटे तक सघन सर्चिंग की गई। सर्चिंग के दौरान कल्याणपुरा में विक्रय के उद्देश्य से गुजरात से आए एक वाहन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वाहन में प्रतिबंधित श्रेणी के खाद्य पदार्थ पाए जाने पर टीम द्वारा कुल 147 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किया गया। जब्त खाद्य पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 42 हजार रुपये है। खाद्य पदार्थों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में प्रतिबंधित अथवा भ्रामक नाम से विक्रय किए जा रहे खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन जांच एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जब्त खाद्य पदार्थों के नियमानुसार नमूने लेकर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जांच एवं कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा एवं श्री वेलसिंह मोरी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh Indore Commissioner CM Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP