
नए मॉडल जोनिंग रेगुलेशन-2025 को लेकर आर्किटेक्टों के साथ बैठक
मानचित्र स्वीकृति में नियमों का पालन करने के दिए निर्देश, एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
कोंच। विनियमित क्षेत्र कोंच में भवन मानचित्र स्वीकृति और नए नियमों को लेकर बुधवार शाम को विनियमित क्षेत्र के नियत प्राधिकारी/एसडीएम अभिनव कुमार ने लाइसेंसधारी आर्किटेक्टों के साथ बैठक की गई जिसमें तहसीलदार मनोज कुमार, विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता और नगर पालिका परिषद के लिपिक मौजूद रहे।
बैठक में मॉडल जोनिंग रेगुलेशन-2025 के प्रावधानों को लेकर आर्किटेक्टों को आवश्यक जानकारी दी गई।अधिकारियों ने मानचित्र तैयार करने और स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के दौरान नए नियमों एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि विनियमित क्षेत्र में भवन निर्माण से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही किए जाएं। मानचित्र स्वीकृति के दौरान नियमों और प्रावधानों की अनदेखी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया। बैठक में आर्किटेक्टों की ओर से भी मॉडल जोनिंग रेगुलेशन और मानचित्र स्वीकृति से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नियमों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया। इस दौरान नगर पालिका से आशुतोष चौहान, राजीव रेजा, रवींद्र कुमार अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Sep 17, 2026