
प्रधानाध्यापिका रहते हुए बलिया की बेटी डॉ. सरिता कुमारी ने प्रथम प्रयास में हासिल किया प्रोफेसर का मुकाम
इतिहास विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग से चयनित, क्षेत्र में खुशी की लहर
बलिया (बेगूसराय): मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर बलिया की बेटी डॉ. सरिता कुमारी ने सफलता की नई मिसाल कायम की है। प्रधानाध्यापिका पद पर कार्यरत रहते हुए उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में प्रोफेसर बनने का मुकाम हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं, बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।
प्रखंड क्षेत्र के शास्त्री नगर हुसैन निवासी स्वर्गीय रामाधार ठाकुर की बड़ी पुत्री डॉ. सरिता कुमारी का जन्म 1 मार्च 1982 को अपने पैतृक गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में प्राप्त की, जबकि माध्यमिक शिक्षा बलिया एसएस हाई स्कूल से पूरी की। उल्लेखनीय है कि उनके पिता भी बलिया हाई स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत रह चुके थे। शिक्षा के प्रति परिवार के माहौल और संस्कारों ने उनके जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
शिक्षा पूरी करने के बाद डॉ. सरिता कुमारी ने शिक्षिका के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और कुछ समय तक शिक्षण कार्य में अपनी सेवाएं दीं। विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें पटना जिले के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौरंगा जलालपुर में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यभार सौंपा गया। विद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते हुए उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई भी जारी रखी।
नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई के प्रति निरंतर समर्पण एवं मेहनत का परिणाम रहा कि डॉ. सरिता कुमारी ने अपने प्रथम प्रयास में ही सफलता प्राप्त की। बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग, पटना के माध्यम से इतिहास विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए उनका चयन हुआ है। वर्तमान में वह ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अधीनस्थ हैं। उनकी यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
डॉ. सरिता कुमारी की सफलता पर क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं युवा जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों ने कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
बताया जाता है कि डॉ. सरिता कुमारी का विवाह वर्ष 2008 में समस्तीपुर निवासी अनंत कुमार के साथ हुआ था। उनके दो पुत्र हैं। उनके पति रेलवे में स्टेशन प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में भी उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।
डॉ. सरिता कुमारी की सफलता उन महिलाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश है, जो नौकरी, परिवार और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि जिम्मेदारियों के साथ निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।
सजग बिहार / SB Live #PostViral #HindiNews