
*उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला योजना एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा*
भागलपुर, 07 अक्टूबर 2026।
उप विकास आयुक्त, भागलपुर श्री रवि राकेश, बि.प्र.से. की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय वेश्म में जिला योजना कार्यालय, भागलपुर तथा स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल-1, भागलपुर एवं कार्य प्रमंडल-2, नवगछिया द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, मंदिर चहारदीवारी निर्माण योजना एवं कब्रिस्तान घेराबंदी योजना सहित पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत 18वीं विधानसभा (वर्ष 2021-22 से 2025-26) के तहत कुल 1,436 योजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 33 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। वहीं, 18 योजनाओं को रद्द करने हेतु विभाग को पत्राचार किया गया है।
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की 01 योजना का कार्य प्रगति पर है।
मंदिर चहारदीवारी निर्माण योजना के अंतर्गत कुल 23 योजनाएँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा 05 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है।
कब्रिस्तान घेराबंदी योजना के अंतर्गत कुल 179 योजनाओं में से 176 योजनाएँ पूर्ण कर ली गई हैं। शेष योजनाओं में 01 योजना रद्द तथा 02 योजनाएँ न्यायालय में मामला लंबित रहने के कारण लंबित हैं।
बैठक में पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। निर्धारित 84 के लक्ष्य के विरुद्ध 36 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है, जबकि 08 स्थल विभिन्न कारणों से बाधित हैं। उप विकास आयुक्त ने कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को निर्देश दिया कि विवादित 08 स्थलों का सतत अनुश्रवण करते हुए आवश्यक समन्वय के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें। साथ ही निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों की नियमित समीक्षा करते हुए उन्हें अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल-1, भागलपुर एवं कार्य प्रमंडल-2, नवगछिया को निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं का स्थल निरीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के अंदर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा कार्यों की नियमित अनुश्रवण एवं समीक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, भागलपुर, कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल-1, भागलपुर एवं कार्य प्रमंडल-2, नवगछिया तथा सभी संबंधित सहायक अभियंता उपस्थित थे।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर