
बेटे के जन्म की खुशी में पिता ने गुब्बारों से सजाई कार, जच्चा-बच्चा को लेने अस्पताल पहुंचा
मखदुमपुर। बेटे के जन्म की खुशी में एक पिता का उत्साह शुक्रवार को रेफरल अस्पताल मखदुमपुर में देखते ही बना। नानंदपुरा गांव निवासी शमशेर आलम अपनी गाड़ी को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाकर पत्नी और नवजात बेटे को घर ले जाने अस्पताल पहुंचे। सजी-धजी कार को देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की नजरें भी ठहर गईं।
जानकारी के अनुसार शमशेर आलम की शादी वर्ष 2021 में जन्नत परवीन से हुई थी। दंपती की पहले से एक बेटी है। शुक्रवार को जन्नत परवीन ने रेफरल अस्पताल मखदुमपुर में बेटे को जन्म दिया। परिवार में नए सदस्य के आगमन की खबर मिलते ही खुशी का माहौल बन गया।
शमशेर आलम ने बेटे के जन्म को यादगार बनाने के लिए अपनी गाड़ी को गुब्बारों से सजाया और पत्नी व नवजात को सम्मान और खुशी के साथ घर ले जाने अस्पताल पहुंचे। उनका यह अंदाज अस्पताल में चर्चा का विषय बना रहा।
पिता ने भावुक होकर कहा कि पहले बेटी के रूप में उन्हें संतान का सुख मिला था। बेटी उनके लिए बेहद प्यारी है, लेकिन लंबे समय से बेटे की भी इच्छा थी। बेटे के जन्म से उनकी खुशी दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके परिवार के लिए बेहद खास है और वे इसे हमेशा याद रखेंगे।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने भी परिवार को नवजात के जन्म पर बधाई दी और मां-बेटे के स्वस्थ रहने की कामना की।