
स्कूल फीस के विवाद में पत्नी पर फायरिंग का आरोप, पत्रकार पति पर हत्या के प्रयास का मुकदमा
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में स्कूल फीस को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पत्रकार राकेश कुमार ने अपनी पत्नी नेहा रानी उर्फ नेहा दीक्षित पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर कर दिया। गोली निशाने पर नहीं लगी तो रिवॉल्वर की बट से सिर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी हथियार लेकर फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा नगर, बेहटा चांद (लखनऊ रोड) निवासी नेहा रानी उर्फ नेहा दीक्षित ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया है कि 22 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनके और उनके पति राकेश कुमार के बीच लगभग 12 वर्षीय बेटे वैभव की स्कूल फीस जमा न होने को लेकर कहासुनी हो रही थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राकेश कुमार ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर जान से मारने की नीयत से उन पर फायर कर दिया। गोली मिस होने के बाद उसने रिवॉल्वर की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद राकेश कुमार लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर मौके से फरार हो गया। जाते समय उसने पत्नी और बेटे को धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो अगली बार जान से मार देगा।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने 25 जुलाई को मुकदमा संख्या 530/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 115(2) (गंभीर चोट पहुंचाना) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
राकेश कुमार स्थानीय पत्रकार के रूप में सक्रिय रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी नेहा दीक्षित ने कुछ समय पहले पत्रकारिता छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामा था। हालांकि बाद में तत्कालीन सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली से विवाद के बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार और नेहा दीक्षित दोनों के विरुद्ध पूर्व में भी शाहाबाद सीओ कार्यालय तथा बिलग्राम सीओ कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। अब दोनों के बीच हुए इस विवाद ने नया कानूनी मोड़ ले लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है तथा विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Bilgram, Hardoi | Jul 25, 2026