
पटना जिला उपभोक्ता आयोग ने फ्लैट की बुकिंग के बाद कब्जा नहीं देने और बुकिंग रद्द होने पर जमा राशि वापस नहीं करने के मामले में बिल्डर के खिलाफ महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।मामला दानापुर के सरारी स्थित आवासीय परियोजना का है, जहां प्रीति कुमारी ने 3-BHK फ्लैट की बुकिंग के लिए 5,46,350 रुपये जमा किए थे। निर्धारित समय में निर्माण पूरा नहीं होने और फ्लैट का कब्जा नहीं मिलने पर उन्होंने बुकिंग रद्द कर रकम वापस मांगी थी।
मामले की सुनवाई के बाद जिला उपभोक्ता आयोग ने अग्रणी होम्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक को संयुक्त एवं पृथक रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए 7,71,350 रुपये की राशि पर शिकायत दर्ज होने की तारीख से भुगतान तक 5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया है। इसके अलावा मानसिक एवं शारीरिक परेशानी के लिए 1 लाख रुपये मुआवजा और 25 हजार रुपये वाद खर्च देने का निर्देश दिया गया है।
आयोग ने 60 दिनों के भीतर आदेश का पालन करने को कहा है। ऐसा नहीं होने पर बकाया राशि पर 8 प्रतिशत वार्षिक दंडात्मक ब्याज देना होगा। यह आदेश उपभोक्ता शिकायत संख्या 421/2017 में 30 अक्टूबर को आयोग के अध्यक्ष प्रेम रंजन मिश्रा और सदस्य रजनीश कुमार की पीठ ने पारित किया।
Chapra, Saran | Nov 10, 2026