देवलीमांझी के बृजलिया गांव में महादेव मंदिर की भूमि को लेकर चल रहा पुजारी पक्ष व ग्रामीणों के बीच का विवाद गुरुवार को थाने तक पहुंच गया। मंदिर के बाहर चबूतरे पर बैठी युवती ने पुजारी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इसकी शिकायत लेकर देवलीमांझी थाने पहुंचे। शिकायत लेकर थाने पहुंची महिलाओं ने थानाधिकारी पर भी मारपीट, धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए।घटना के बाद ग्रामीणों ने देवलीमांझी थाने के बाहर धरना देकर निष्पक्ष जांच की मांग की। पीड़िता ज्योति ने बताया कि वह मंदिर के बाहर चबूतरे पर बैठी हुईं थी। उसी दौरान पुजारी ने उसे नीचे उतरने की कहा। चबूतरे से नीचे नहीं उतरने पर पुजारी उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गया और उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
फिर शिकायत लेकर थाने पहुंची महिलाएं
मामले की शिकायत लेकर दो दर्जन से अधिक महिलाएं व ग्रामीण देवलीमांझी थाने पहुंचीं। महिलाओं नें आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनकी पीड़ा सुनने के बजाय महिलाओ से गाली-गलौज की तथा धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इस बीच काफी देर तक थाने में ही हंगामा चलता रहा। बाद में महिलाएं व अन्य ग्रामीण धरना देकर बैठ गए तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। धरने पर बैठे ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यदि कैमरों की फुटेज सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच की जाए तो घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।
- थाना अधिकारी गिरिराज शर्मा का कहना है गांव के महादेव मंदिर के पूजा अर्चना को लेकर पुजारी पक्ष और ग्रामीणों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाइश की गई थी। लेकिन दोनों पक्षो में सहमति नहीं बनी ओर ओर आपस मे उलझ गए। महिलाओं के साथ मारपीट के आरोप निराधार है।
Sangod, Kota | Sep 12, 2026