दशहरा मेले में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु कोटा शहर पुलिस की विशेष पहल, महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ
पुलिस अधीक्षक कोटा शहर श्रीमती तेजस्वनी गौतम ने बताया कि दशहरा मेले में आने वाले आमजन, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सुविधा तथा सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोटा शहर पुलिस द्वारा विशेष पहल करते हुए महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया है। इस हेल्प डेस्क में YCLG सदस्य, सुरक्षा सखी एवं कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से दशहरा मेले में आने वाली महिलाओं, बच्चों एवं अन्य आगंतुकों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। मेले के दौरान किसी महिला या बच्चे को असुविधा, परेशानी अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या होने पर वे महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस द्वारा उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं आवश्यक सहयोग के लिए प्रभावी व्यवस्था की गई है।इसके अतिरिक्त, महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से आमजन को कोटा शहर पुलिस की विभिन्न सुरक्षा सेवाओं एवं हेल्पलाइन की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इसमें गरुड़ हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन, राजस्थान पुलिस के RajCop Citizen App तथा आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 100 एवं 112 के उपयोग के संबंध में जागरूक किया जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आमजन इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।दशहरा मेले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोटा शहर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेले में कोटा शहर पुलिस के जवानों के साथ कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, होमगार्ड एवं आरएसी के जवानों को तैनात किया गया है।“इसके अतिरिक्त, कोटा दशहरा मेले में दिव्यदृष्टि ड्रोन के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि मेले में भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।इसके साथ ही कोटा शहर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी सिविल ड्रेस में भी लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।कोटा शहर पुलिस आमजन से अपील करती है कि दशहरा मेले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में नजदीकी पुलिसकर्मी, महिला हेल्प डेस्क या निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त करें।
कोटा शहर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
Sangod, Kota | Oct 23, 2026