
अपराध गोष्ठी में बेतिया एसपी कुमार गौतम ने दिए सख्त निर्देश...
पुलिस सभागार पुलिस केंद्र बेतिया में सोमवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता बेतिया पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम (भा.पु.से.) ने की। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात, मुख्यालय, साइबर क्राइम व रक्षित सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षी पदाधिकारी और थानाध्यक्ष शामिल हुए। अपराध गोष्ठी में एसपी ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कांडों के पर्यवेक्षण में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में दिन और रात की गश्ती बढ़ाने तथा रात्रि गश्ती के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। एसपी ने लगातार वाहन जांच अभियान चलाने और वाहन चोरी के मामलों का जल्द उद्भेदन करने पर जोर दिया। शराब तस्करों और लंबित कांडों के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान तेज करने का निर्देश भी दिया गया। इसके अलावा वारंट, सम्मन, ई-सम्मन, इश्तेहार और कुर्की के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। चरित्र एवं पासपोर्ट सत्यापन, सर्विलांस और जनशिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। एसपी ने थानाध्यक्षों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने की भी हिदायत दी।
#champaran24news
: AI GENERATED IMAGE