
शिलापट्ट पर नाम, लेकिन राज्यपाल के कार्यक्रम से दूरी; जदयू के दो विधायकों की गैरमौजूदगी चर्चा में
एमएलसी चुनाव के बाद भाजपा-जदयू के बीच कथित खींचतान की चर्चाओं के बीच मांझी और एकमा के विधायकों का समारोह में नहीं पहुंचना बना राजनीतिक चर्चा का विषय, निर्दलीय एमएलसी भी रहे अनुपस्थित
बनियापुर (सारण)। बनियापुर प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित खेल सम्मान भवन के उद्घाटन समारोह में जदयू के दो विधायकों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की पहल पर सेल के सीएसआर फंड से निर्मित इस भवन का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया। समारोह में मांझी के जदयू विधायक रणधीर सिंह और एकमा के जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह शामिल नहीं हुए।
खास बात यह रही कि खेल सम्मान भवन के उद्घाटन के लिए लगाए गए शिलापट्ट पर इन दोनों विधायकों के अलावा निर्दलीय विधान पार्षद इंजीनियर सच्चिदानंद राय का नाम भी अंकित था। इसके बावजूद तीनों जनप्रतिनिधि समारोह में नहीं पहुंचे। शिलापट्ट पर नाम दर्ज होने के बाद भी उनकी गैरमौजूदगी ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया।
एमएलसी चुनाव के बाद सियासी चर्चाओं को मिली हवा
गौरतलब है कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के बाद भाजपा और जदयू के बीच कथित राजनीतिक खींचतान और मनमुटाव की चर्चाएं पहले से ही राजनीतिक गलियारों में चल रही हैं। ऐसे में राज्यपाल के कार्यक्रम से जदयू के दोनों विधायकों की गैरमौजूदगी को भी इसी राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों विधायकों और निर्दलीय एमएलसी की अनुपस्थिति का कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी को किसी राजनीतिक विरोध या नाराजगी से जोड़ना फिलहाल उचित नहीं होगा।
कई जनप्रतिनिधि रहे लिया।
कार्यक्रम में महाराजगंज के विधायक हेमनारायण साह, गोरेयाकोठी के विधायक देवेशकांत सिंह, तरैया के विधायक जनक सिंह और बनियापुर के विधायक केदारनाथ सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जदयू की ओर से जिलाध्यक्ष बैजनाथ प्रसाद उर्फ बीका और विधान पार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव ने भी समारोह में भाग लिया।
मंच पर स्थान को लेकर भी हुई हलचल
समारोह के दौरान राज्यपाल के मंच पर पहुंचने से पहले प्रोटोकॉल के तहत विधायकों और जिलाध्यक्षों को मंच पर स्थान देने को लेकर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि, बाद में कार्यक्रम संपन्न हो गया। लेकिन शिलापट्ट पर नाम दर्ज होने के बावजूद तीन जनप्रतिनिधियों का समारोह में नहीं पहुंचना और खासकर जदयू के दो विधायकों की गैरमौजूदगी दिनभर राजनीतिक चर्चा का विषय बनी रही।
Chapra, Saran | Nov 6, 2026