
शिक्षकों की छुट्टी अब ई-शिक्षाकोष से होगी, 5 सितंबर के बाद हार्ड कॉपी पर रोक
जहानाबाद। जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अवकाश लेने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब शिक्षकों को छुट्टी के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार पांच सितंबर 2026 के बाद किसी भी परिस्थिति में भौतिक या हार्ड कॉपी के माध्यम से अवकाश आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जारी पत्र में बताया गया है कि प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक, सहायक शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक एवं विद्यालय अध्यापक (स्थानीय निकाय के शिक्षकों को छोड़कर) के अवकाश की स्वीकृति के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर लीव मॉड्यूल पूरी तरह क्रियाशील है।
निर्देश के अनुसार पांच सितंबर के बाद अवकाश से संबंधित सभी आवेदन केवल ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन स्वीकार और स्वीकृत किए जाएंगे। इसको लेकर सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
लंबित आवेदनों का करना होगा निष्पादन
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानों को अपने-अपने ई-शिक्षाकोष लॉगिन में लंबित अवकाश आवेदनों का समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया है। लंबित आवेदनों का निष्पादन क्रमशः तीन एवं पांच दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।
विभागीय निर्देश के अनुपालन में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को भी ऑनलाइन माध्यम से ही अवकाश के लिए आवेदन करने की जानकारी दी गई है। शिक्षा विभाग के इस आदेश के बाद अब शिक्षकों को छुट्टी के लिए कागजी आवेदन देने की व्यवस्था समाप्त हो जाएगी।