
खाकी के बाद सियासत की राह पर काम्या मिश्रा? संजय झा से मुलाकात के बाद अटकलें तेज
बिहार में पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा के राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से उनकी हालिया मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि, काम्या मिश्रा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। 2019 बैच की बिहार कैडर की आईपीएस अधिकारी रहीं काम्या मिश्रा ने अगस्त 2024 में अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसे मार्च 2025 में मंजूरी मिली।
बिहार की राजनीति में यह पहला मौका नहीं है जब किसी आईपीएस अधिकारी के खाकी छोड़कर सियासी मैदान में उतरने की चर्चा हो रही हो। इससे पहले भी कई चर्चित चेहरे राजनीति में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं, जिनमें कुछ को बड़ी सफलता मिली तो कई को हार का सामना करना पड़ा। 1987 बैच के पूर्व आईपीएस सुनील कुमार ने जेडीयू में शामिल होकर भोरे से विधायक का चुनाव जीता और शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभाली, उन्होंने 2025 के चुनाव में भी अपनी जीत बरकरार रखी। वहीं, आनंद मिश्रा 2024 में बक्सर से लोकसभा चुनाव हारने के बाद 2025 में बीजेपी के टिकट पर बक्सर विधानसभा सीट से जीतकर विधायक बने।
दूसरी ओर, कई पूर्व अधिकारियों को चुनावी मैदान में निराशा हाथ लगी। वीआरएस लेकर 'हिंद सेना' नाम से पार्टी बनाने वाले शिवदीप लांडे 2025 में जमालपुर से चुनाव लड़े, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे। पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय भी 2020 में काफी सुर्खियों के बीच जेडीयू में शामिल हुए थे, पर उन्हें टिकट नहीं मिल सका। जन सुराज के टिकट पर दरभंगा से राकेश कुमार मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे, जबकि छपरा से जय प्रकाश सिंह को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के टिकट पर रोसड़ा से लड़े बीके रवि दूसरे स्थान पर रहे। इनके अलावा पूर्व डीजीपी डीपी ओझा और आशीष रंजन सिन्हा भी चुनावी राजनीति में किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
हालांकि, इससे पहले के दौर में निखिल कुमार और ललित विजय सिंह जैसे पूर्व आईपीएस अधिकारियों ने सियासत में ऊंचा मुकाम हासिल किया था। निखिल कुमार सांसद और राज्यपाल बने, जबकि ललित विजय सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
2025 के विधानसभा चुनाव में कई पूर्व आईपीएस अधिकारी मैदान में उतरे थे, लेकिन सफलता सिर्फ सुनील कुमार और आनंद मिश्रा के हिस्से आई। ऐसे में संजय झा से मुलाकात के बाद अब सबकी नजरें काम्या मिश्रा के अगले कदम पर टिकी हैं कि क्या वह भी बिहार की सियासी पिच पर नई पारी की शुरुआत करेंगी।
Bihar, India | Nov 8, 2026