
लखनऊ में स्मॉग की चादर, अलीगंज की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित; AQI 307 पहुंचा
राजधानी में धुंध और प्रदूषण ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, सड़कों पर दृश्यता घटी
#लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह से ही धुंध और स्मॉग की मोटी चादर छाई रही। शहर के कई इलाकों में वातावरण धुंधला नजर आया। आसमान में छाई धुंध के चलते सूरज की रोशनी भी फीकी पड़ गई। वहीं, सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहनों की रफ्तार पर भी असर देखने को मिला।
प्रदूषण के आंकड़े भी राजधानी की हवा की खराब स्थिति बयां कर रहे हैं। शुक्रवार को लखनऊ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 227 दर्ज किया गया। वहीं, अलीगंज में स्थिति सबसे खराब रही, जहां AQI 307 तक पहुंच गया। इसके अलावा तालकटोरा में 299, लालबाग में 226 और गोमतीनगर में 171 AQI दर्ज किया गया।
हवा में बढ़ते प्रदूषण के साथ सुबह की धुंध ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। खासकर सुबह घरों से निकलने वाले लोगों और वाहन चालकों को कम दृश्यता के कारण सतर्कता बरतनी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह धुंध छाए रहने के बाद दिन में आसमान साफ रहने के आसार हैं। हालांकि, प्रदूषण के स्तर को देखते हुए राजधानी की हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Nov 14, 2026